Skip to main content

देश के बिगड़े हालात के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही जिम्मेदार

किसी भी देश की अर्थव्यवस्था यदि खराब होती है तो उस देश के प्रधानमंत्री की नीतियों को दोषी मानना स्वभाविक है। अनुभवों के अभाव में किसी से भी गलती हो सकती है, किसी सम्पन्न राज्य की सत्ता चलाने और पूरे देश का नेतृत्व करने में अन्तर होता है। हमारे प्रधानमंत्री से यदि कहीं गलतियां हुई हैं तो वे क्षम्य हो सकती हैं बशर्ते कि गलतियों का स्वयं संज्ञान लेकर उनमें सुधार का प्रयत्न किया जाये। सत्ता का लोभ सभी को होता है और सत्ता प्राप्त करने के लिए प्रत्येक दल का राजनेता साम, दाम, दण्ड और भेद की नीति अपनाता है। देश की सत्ता पर अब तक काबिज रहे राजनेताओं की कार्यशैली का आकलन किया जाये तो प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु ने अनुभवहीन होने के बाद भी जितनी बेहतरी से राष्ट्र के प्रारम्भिक काल की बुनियाद रखी सदैव न केवल स्मरणीय बल्कि अनुकरणीय रहेगी जबकि इन्दिरा गांधी की सत्ता संचालन का अलग ही अंदाज था। अपनी सत्ता बनाये रखने के लिए इन्दिरा गांधी ने अपनी मूल पार्टी को ही नकार कर अलग पार्टी बना ली और अन्त में आपातकाल जैसी घोषणा करनी पड़ी जिसका खामियाजा भी उन्होंने भुगता इसके अतिरिक्त वी.पी. सिंह हों या चन्द्रशेखर, चौ. चरण सिंह हों या अटल बिहारी बाजपेयी सभी के अपने अंदाज थे। जहां नरसिंह राव ने मौन धारण कर अल्पमत की सरकार चला कर दिखा दी तो मनमोहन सिंह ने लगातार दो पारियों में ऐसा इतिहास बनाया जो कांग्रेस और देश के इतिहास में अविस्मरणीय रहेगा।
भारत लोकतांत्रिक देश है यहां की व्यवस्था बनाने अथवा बिगाड़ने में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों का बराबर का योगदान होता है। देश में बिगड़ती अर्थव्यवस्था के लिए अकेले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ही दोषी नहीं ठहराया जा सकता है इसके लिए विपक्ष भी बराबर का जिम्मेदार है। प्रधानमंत्री बनने से पूर्व जब नरेन्द्र मोदी यह कह रहे थे कि देश का इतना कालाधन विदेशों मे जमा है कि यदि भारत में आ जाये तो प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपये आ जायेंगे, उस समय मोदी जी सत्ता में नहीं थे तब जो दल सत्ता में था उसे बताना चाहिए था कि धन काला नहीं होता है और धन जिसने जमा किया उसी का है उसी को मिलेगा। यदि वह धन भारत आ भी गया तो वह राष्ट्र की सम्पत्ति में तो जमा हो सकता है लेकिन जनता के खाते में नहीं आ सकता यह मोदी जी का सत्ता पाने का एक शगूफा था जो विपक्ष की नादानी से सफल हुआ। जब मोदी जी अपनी रैलियों में चीख-चीख कर कह रहे थे कि अब अच्छे दिन आने वाले हैं तो अन्य दलों को बताना चाहिए था कि इस समय सभी के बहुत अच्छे दिन हैं पूरा देश सम्पन्न है और धन अपने देश के बैंकों के अलावा विदेशों में भी जमा है तो इससे अधिक दिन कभी नहीं आ सकते और जनता को भी सोचना चाहिए था कि वर्तमान में उसके अच्छे दिन चल रहे हैं। जब अमेरिका सहित पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था गड़बड़ा गयी तब भी भारत अपने पैरों पर खड़ा रहा तो उससे भी अच्छे दिन और क्या हो सकते हैं? खैर कोई बात नहीं सुबह का भटका हुआ यदि शाम को अपने घर आ जाये तो उसे भटका हुआ नहीं कहा जाता है। देश की जनता और विपक्ष ने यदि अच्छे दिनों का आनन्द ले लिया हो तो 2014 से पूर्व वाली स्थिति में आये। देश की जनता और विपक्ष यदि ईवीएम में खोट मानते हैं तो समय रहते अभी से चुनाव आयोग से कहें कि देश की जनता केवल मत-पत्र के माध्यम से ही मतदान करेगी और विपक्ष को यदि ईवीएम से आपत्ति है तो वह भारत निर्वाचन आयोग को अभी लिखकर दे दे कि यदि मत-पत्र से चुनाव नहीं हुआ तो पूरा विपक्ष चुनाव का बहिष्कार करेगा तथा कोई भी दल अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगा। चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है उसे देश की जनता और विपक्ष दोनों की मांग माननी पड़ेगी। विडम्बना यह कि जहां विपक्ष जीत जाता है वहां तो उसकी लोकप्रियता और जहां हार जाता है वहां ईवीएम में गड़बड़ी करने का आरोप लगाता है। भारत लोकतांत्रिक देश है और यहां चुनावों की सतत प्रक्रिया चलती रहती है, विपक्ष यदि 2024 के लोकसभा चुनाव मंे मत-पत्र के माध्यम से चुनाव चाहता है तो भारत निर्वाचन आयोग को अभी से लिख कर दे दे, जब चुनाव के दो चार महीने रह जाते हैं उस समय व्यवस्था बदलना चुनाव आयोग के लिए संभव नहीं होता है।
मोदी जी कैसे भी हैं अच्छे हैं या बुरे, हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं उनकी पार्टी जब विपक्ष में थी तो सत्ता पक्ष से एक भी काम गलत नहीं होने दिया, सजग विपक्षी की भूमिका निभायी लेकिन जब अन्य दल विपक्ष में आ गए तो सत्ता पक्ष ने कितने गलत काम कर दिए विपक्ष की बोलती बंद रही। नोटबंदी में मोदी जी ने जनता से 50 दिन मांगे लेकिन विपक्ष ने भी दे दिए, क्यों? बैंक और एटीएम की लाइनों में सैकड़ों लोग मर गए विपक्ष की बोलती बंद रही, क्यों? कांग्रेस जीएसटी लायी थी भाजपा ने लागू नहीं होने दी लेकिन जब भाजपा ने जीएसटी लागू की तो पूरा विपक्ष चुप, क्यों? अब मोदी सरकार के निर्णय गलत हैं या विपक्ष की भूमिका इस पर अधिक बहस करने की आवश्यकता नहीं फिलहाल देश की स्थिति अच्छी नहीं है सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों यदि देश को स्वतंत्र और सम्पन्न देखना चाहते हैं तो प्रतिशोध की भावना त्यागें अब बहुत हो चुका अपने-अपने अहम त्याग कर राष्ट्र और समाजहित के कार्य करें। बहुत हो गया हिन्दू-मुसलमान, हिन्दुस्तान-पाकिस्तान और राम मंदिर तथा कश्मीर, अब केवल विकास की बात होनी चाहिए।

Comments

Popular posts from this blog

परस्पर सहयोग एवं मैत्री भावना से हो जाते हैं असंभव कार्य भी संभव

हरिद्वार। श्रीरामलीला कमेटी रजि. ने आज अपने रंगमंच से परस्पर सहयोग एवं मैत्री भावना के उस दृश्य का अवलोकन कराया जिसके तहत वो समस्याग्रस्त व्यक्ति यदि मैत्री भावना से एक-दूसरे का सहयोग करें तो दोनों के असंभव कार्य संभव हो जाते हैं और यदि कोई भक्त सच्ची भावना से भगवान का दर्शन करना चाहता है तो भगवान स्वयं उसके घर पर आकर दर्शन देते हैं। सुग्रीव मैत्री तथा शबरी राम दर्शन के दृश्यों का मंचन करते हुए श्रीरामलीला कमेटी ने दिखाया कि शबरी एक भील कन्या थी लेकिन भगवान राम का दर्शन करने की उसकी दिली इच्छा थी तो भगवान राम ने स्वयं उसकी कुटिया में जाकर दर्शन दिए तथा उसके झूठे बेर भी खाये। लक्ष्मण द्वारा शबरी के बेर न खाकर फेंकने पर श्रीराम ने लक्ष्मण से कहा कि दीनहीन व्यक्ति ही दीनानाथ का स्वरुप होता है और जो बेर उन्हांेने फेंके हैं वे ही संजीवनी बूटी के रुप में उनकी मूर्छा को दूर करेंगे। श्रीराम सुग्रीव मैत्री को रामलीला के सर्वाधिक प्रेरणादायी दृश्य के रूप में प्रस्तुत करते हुए श्रीरामलीला कमेटी ने दर्शाया कि भगवान श्रीराम एवं सुग्रीव दोनों की समस्यायें समान थीं दोनों अपने-अपने राजपाट से वं...

राम और रावण ने संयुक्त रुप से की रामेश्वरम् में ज्योतिर्लिंग की स्थापना

हरिद्वार। श्रीरामलीला कमेटी ने 3 अक्टूबर से प्रारम्भ हुए रामलीला रुपी अनुष्ठान की अंतिम बेला में आज सेतुबन्ध रामेश्वरम् में ज्योतिर्लिंग की उस अद्भुत स्थापना का दृश्य प्रस्तुत किया जिसमें भगवान श्रीराम तथा रावण ने संयुक्त रुप से शिवोपासना कर धर्म एवं अध्यात्म के माध्यम से वैर भावना को भुलाने का संदेश दिया रामलीला का यह दृश्य चरित्र एवं मर्यादा की उस सीमा का पर्याय बन गया जब श्रीराम ने रावण को मुक्ति का वरदान दिया तो रावण ने राम को आसन्न युद्ध में विजयी होने का आशीर्वाद दिया। रावण विद्वान, बलशाली, अहंकारी के साथ कर्मवीर भी था जिसने अपने उद्देश्य की प्राप्ति के लिए न किसी की राय मानी न ही अनुरोध। रावण दूरदृष्टा भी था इसीलिए उसने भाई विभीषण को लंका से निकाल दिया जो रामादल में सम्मिलित होकर लंका का राजा बना। रामलीला के बहुप्रतीक्षित अंगद-रावण संवाद की भी जमकर सराहना हुई। भगवान राम ने युद्ध के अंतिम क्षणों में भी शांतिदूत के रुप में अंगद को रावण के पास भेजा लेकिन रावण ने जानकी को देने के स्थान पर जान की बाजी देने का अपना निर्णय नहीं टाला और दोनों ओर से युद्ध की घोषणा हो गयी। श्रीरा...

गठबंधन और भाजपा के मुकाबले को त्रिकोणीय बनायेगी जविपा सेक्यूलर

राष्ट्रीय अध्यक्ष एन.पी. श्रीवास्तव ने किया गोरखपुर से नामांकन लखनऊ। जन विकास पार्टी सेक्यूलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष नाम प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा है कि किसान और जवान का सम्मान ही लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और भारत में स्वस्थ लोकतंत्र की स्थापना के लिए देश की 70 प्रतिशत ग्रामीण आबादी के सम्मान के लिए कार्य करना होगा। उक्त उद्गार उन्होंनेे गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से वार्ता कर ते हुए व्यक्त किए। जन विकास पार्टी सेक्यूलर के गठन एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि हमारे देश के अधिकांश राजनैतिक दल शहरीकरण की आंधी में गुम हो गए हैं और गांव एवं देहात की सत्तर प्रतिशत आबादी को विस्मृत कर दिया है। उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री द्वारा दिए गए ‘जय जवान जय किसान’ के नारे को सार्थक करने की हामी भरते हुए कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए गांवों का विकास आवश्यक है और जन विकास पार्टी सेक्यूलर सत्ता में आने पर सबसे पहले कृषकों को उनकी उपज का मूल्य मेहनत मजदूरी के साथ देकर किसानों को मजबूत करेगी तथा कृषि मजदूरों को...